मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना 2025: हर परिवार की महिला को 10 हजार रुपये, मिलेगी 2 लाख तक की सहायता

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के लिए एक नई योजना की शुरुआत की है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का ऐलान किया। यह योजना सितंबर 2025 से लागू होगी।

सरकार ने बताया कि राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। इसके तहत महिलाओं के बैंक खाते में सीधे 10 हजार रुपये की पहली किस्त भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से अब तक महिला सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठाए गए हैं। शिक्षा, नौकरियों और स्वावलंबन योजनाओं के बाद यह नया प्रयास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में और मजबूती देगा।

योजना के प्रावधान के अनुसार, रोजगार शुरू करने के छह महीने बाद लाभार्थियों के काम का मूल्यांकन किया जाएगा। जरुरत पड़ने पर महिलाओं को दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जा सकेगी।

महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए गांवों से लेकर शहरों तक हाट-बाजार विकसित किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसकी जिम्मेदारी ग्रामीण विकास विभाग को दी गई है, जबकि नगर विकास और आवास विभाग भी इसमें सहयोग करेगा।

Share:

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn