इरफान पठान बोले- शुभमन गिल को सभी फॉर्मेट का कप्तान बनाने की ओर बढ़ रहा है भारतीय क्रिकेट

दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि बीसीसीआई को खिलाड़ियों के साथ अपनी योजनाओं पर साफ होना चाहिए। उनके मुताबिक, बोर्ड धीरे-धीरे शुभमन गिल को सभी फॉर्मेट का कप्तान बनाने की दिशा में काम कर रहा है और इसमें किसी तरह की उलझन नहीं होनी चाहिए।

गौरतलब है कि 25 वर्षीय शुभमन गिल को हाल ही में भारत का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है। रोहित शर्मा के संन्यास के बाद यह पद खाली हुआ था। वहीं, एशिया कप के लिए उन्हें टी20 में उपकप्तान बनाया गया है। क्रिकेट गलियारों में चर्चा है कि 2027 वनडे विश्व कप से पहले गिल को वनडे टीम की कमान भी दी जा सकती है।

गिल ने इंग्लैंड दौरे पर अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पांच टेस्ट की सीरीज में 754 रन बनाए और एजबेस्टन में एक यादगार दोहरा शतक भी जड़ा। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई।

कप्तानी में स्थिरता की जरूरत: पठान

इरफान पठान ने एक इंटरव्यू में कहा कि कप्तानी के मामले में निरंतरता जरूरी है। उन्होंने कहा,

“दुनिया की किसी भी बड़ी टीम में आप तीनों फॉर्मेट में तीन अलग-अलग कप्तान नहीं देखेंगे। कोच और सपोर्ट स्टाफ के लिए भी एक ही कप्तान के साथ काम करना आसान होता है। ऐसे में शुभमन गिल पर भरोसा करना भारतीय क्रिकेट की सोच को दर्शाता है।”

पठान ने आगे कहा कि गिल पहले ही वनडे टीम के उपकप्तान हैं और चयन समिति ने टी20 के लिए भी उनसे बातचीत की है।

“गिल की कप्तानी समय के साथ बेहतर होगी। भारतीय क्रिकेट हमेशा योजनाबद्ध तरीके से चलता है और इस बार भी दिशा साफ है कि गिल को भविष्य का नेता तैयार किया जा रहा है।”

Share:

WhatsApp
Telegram
Facebook
Twitter
LinkedIn